Site icon Khabribox

UKPSC: उत्तराखंड कनिष्ठ अभियंता परीक्षा 2023 का जारी हुआ संशोधित चयन परिणाम, हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुआ बदलाव

उत्तराखंड: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य कनिष्ठ अभियंता (JE) परीक्षा-2023 को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है।

देखें यह अपडेट

आयोग ने माननीय उत्तराखंड उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों और रिट याचिकाओं के क्रम में दिव्यांगजन अभ्यर्थियों से संबंधित संशोधित चयन परिणाम घोषित कर दिया है। यह विज्ञप्ति आयोग द्वारा आज 05 जून, 2026 को जारी की गई।विज्ञप्ति के अनुसार, 10 जुलाई 2024 को घोषित किए गए मूल परिणाम के खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय में कई रिट याचिकाएं (जैसे- अंकित नैथवाल बनाम उत्तराखंड राज्य व अन्य आदि) दायर की गई थीं। कोर्ट द्वारा 19 नवंबर 2025 को दिए गए निर्णय के अनुपालन में, लोक निर्माण विभाग (PWD) में दिव्यांगजन (HH/PD) श्रेणी के लिए आरक्षित रिक्तियों पर यह संशोधन किया गया है। कोर्ट के आदेशानुसार, निर्णय होने तक दिव्यांग श्रेणी के लिए आरक्षित 7 रिक्तियों को फिलहाल नहीं भरा जाएगा।


​प्रमुख संशोधन और नए चयन की सूची

​संशोधित परिणाम के तहत कुछ अभ्यर्थियों के विभागों और चयन की स्थिति में बदलाव किया गया है। मुख्य रूप से निम्नलिखित अभ्यर्थियों के नाम संशोधित सूची में शामिल हैं।
1. ​अमन कुमार (रोल नंबर: 810284): पूर्व में इनका चयन पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में हुआ था। अब इन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) में रिक्त हुई सीट के सापेक्ष संशोधित चयन दिया गया है।
2. ​अंकित नैथवाल (रोल नंबर: 822781): संशोधन से उत्पन्न रिक्ति के क्रम में प्रवीणता सूची (Merit List) के आधार पर इन्हें नवीन चयन दिया गया है।
3. ​सचिन सिंह (रोल नंबर: 809644): इन्हें पूर्व में उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) आवंटित था, अब इन्हें भी लोक निर्माण विभाग में संशोधित चयन मिला है।


​जानें क्यों पड़ा संशोधन का प्रभाव

​आयोग ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा लोक निर्माण विभाग में दिव्यांगजन (HH/PD) की कुल 11 रिक्तियां उपलब्ध कराई गई थीं, जिनमें 9 बैकलॉग रिक्तियां भी शामिल थीं। इनमें से 4 रिक्तियों पर चयन किया गया है, जबकि 7 रिक्तियों के लिए योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण उन पदों को खाली रखा गया है। इस संशोधन के बाद प्रभावित होने वाले अभ्यर्थियों की श्रेष्ठता क्रम (Merit Position) को भी नियमों के तहत री-एडजस्ट किया गया है। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी और पूरी मेरिट लिस्ट उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

Exit mobile version