उत्तरकाशी: जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है।
किया कार्यभार ग्रहण
जिसमें नवनियुक्त प्रमुख अधीक्षक (CMS) डॉ. बी.एस. रावत ने शुक्रवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही वे एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने तुरंत अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पूरे परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. रावत ने आपातकालीन कक्ष (ER), ओपीडी (OPD), प्रयोगशाला, औषधि वितरण केंद्र, प्रसूति व शिशु वार्ड और आईसीयू (ICU) सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर अस्पताल की वर्तमान कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
मरीजों का जाना हाल
डॉ. रावत ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर इलाज, मुफ्त दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और कर्मचारियों के व्यवहार के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने स्टाफ को कड़े निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले हर मरीज के साथ संवेदनशील और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। परिसर में सफाई, संक्रमण नियंत्रण, दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति और चिकित्सा उपकरणों को हर समय चालू हालत में रखने के निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी को आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतारना और इसे एक उत्कृष्ट स्वास्थ्य संस्थान बनाना मेरी पहली प्राथमिकता है। अस्पताल में अनुशासन, समयपालन और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं होगा। पूरी टीम के साथ मिलकर पारदर्शी और सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही निरीक्षण के अंत में प्रमुख अधीक्षक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि उपलब्ध संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल से अस्पताल को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।