पौड़ी गढ़वाल:पहाड़ की विषम परिस्थितियों और दुर्गम रास्तों पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए पौड़ी गढ़वाल के मंडाखाल निवासी ऋषभ रावत ने प्रदेश का नाम रोशन किया है।
बढ़ाया प्रदेश का मान
जानकारी के अनुसार युवा व्यवसायी और धावक ऋषभ ने प्रतिष्ठित ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 – 2026’ में 70 किलोमीटर की अति-चुनौतीपूर्ण हाई-एल्टीट्यूड मैराथन को सफलतापूर्वक पूरा किया है। हिमालय की अत्यधिक ऊंचाइयों पर आयोजित इस 70 किमी की मैराथन में कम ऑक्सीजन, अत्यधिक ठंड और दुर्गम पहाड़ी रास्तों जैसी कई कठिन विपरीत परिस्थितियां शामिल थीं।
जागरूकता का माध्यम
ऋषभ रावत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट थॉमस स्कूल, पौड़ी से पूरी की है और डीआईटी विश्वविद्यालय, देहरादून से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया है। अपनी व्यावसायिक जिम्मेदारियों को संभालते हुए खेल और फिटनेस के लिए समय निकालना उनके खेल के प्रति समर्पण और अनुशासित जीवनशैली को दर्शाता है। ऋषभ का मानना है कि दौड़ना केवल पदक जीतने का जरिया नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने का एक माध्यम है।