Site icon Khabribox

उत्तराखंड: वांण में आस्था का महासंगम: अश्रुपूरित आंखों से जुदा हुईं नंदा देवी की डोलियां, वेदनी और गैरोलीपातल की ओर बढ़ीं यात्राएं

थराली/गोपेश्वर: लाटू धाम वांण में आस्था का जनसैलाब उमड़ने के बीच श्री राजराजेश्वरी नंदा देवी की लोकजात और बड़ी जात यात्राएं गुरुवार को भावुक माहौल में एक-दूसरे से विदा हो गईं।

हुआ भावपूर्ण मिलन

जिसमें वांण गांव में बधाण, दशोली, बण्ड और ज्वाल्पा देवी की डोलियों, छंतोलियों और चौसिंगा खंडु का अलौकिक और भावपूर्ण मिलन हुआ। इस अद्भुत दृश्य को देखकर वहां मौजूद करीब 15 हजार से अधिक भक्त भावविभोर हो उठे और पूरे क्षेत्र में मां नंदा व लाटू देवता के जयकारे गूंज उठे। मिलन के बाद गुरुवार प्रातः नंदा चौक वांण से देवियों ने एक-दूसरे से विदाई ली:
•  ​श्री नंदा देवी बड़ी जात यात्रा: दशोली, बण्ड और ज्वाल्पा देवी की डोलियों के साथ बड़ी जात यात्रा लाटू मंदिर में भेंट के बाद रणकाधार और नीलगंगा के कठिन मार्गों से होती हुई अपने 14वें पड़ाव वेदनी बुग्याल पहुंची। बड़ी जात समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत और मंदिर समिति कुरूड़ के अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला के अनुसार, यात्रा शुक्रवार को 15वें पड़ाव बगवाबासा के लिए प्रस्थान करेगी।
•  ​बधाण की लोकजात यात्रा: बधाण परगना की श्री राजराजेश्वरी नंदा देवी की डोली अपने 13वें पड़ाव वांण से प्रस्थान कर 14वें पड़ाव गैरोलीपातल पहुंची। मेला समिति के अध्यक्ष नरेश गौड़ और पूर्व अध्यक्ष मनशा राम गौड़ ने बताया कि शुक्रवार को डोली वेदनी बुग्याल पहुंचेगी, जहां वेदनी कुंड में तर्पण और विशेष जात-पूजा के बाद यात्रा अपने वापसी के पड़ाव बांक की ओर लौट पड़ेगी।

स्थानीय स्वागत

​यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का स्वागत करने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, सीएम कोऑर्डिनेटर दलवीर दानू समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि वांण पहुंचे। लाटू देवता मंदिर समिति के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट, ग्राम प्रधान नंदुली बिष्ट और ग्रामीणों ने यात्रियों का जोरदार स्वागत किया।

भंडारे का आयोजन

​वांण गांव में उम्मीद से अधिक संख्या में भक्तों के पहुंचने के कारण रात्रि विश्राम की व्यवस्थाएं कम पड़ गईं, जिससे कई यात्रियों को वाहनों में या नंदा कौथिंग (मेले) में जागकर रात बितानी पड़ी। इस बीच, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा द्वारा आयोजित सार्वजनिक भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने मां नंदा का प्रसाद ग्रहण किया।

Exit mobile version