Site icon Khabribox

उत्तराखंड: पुलिस में महिलाओं को बड़ी सौगात: महिला कांस्टेबलों के 1474 पद बढ़े, अब कुल संख्या होगी इतने हजार

​उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने राज्य पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लिया है। नवरात्रि के अवसर पर सरकार ने पुलिस विभाग में महिला कांस्टेबल के 1474 नए पद बढ़ाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है।

प्रस्ताव को मंजूरी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फैसले के बाद राज्य में जिला स्तरीय महिला कांस्टेबलों के स्वीकृत पदों की संख्या 526 से बढ़कर 2000 हो जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गृह विभाग के इस प्रस्ताव को स्वीकृत किया। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों एवं शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाएंगे। कार्मिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पुलिस के कुल स्वीकृत ढांचे में वृद्धि किए बिना पदों का समायोजन किया जाएगा, जिससे राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं आएगा। वर्तमान में कार्यरत अधिसंख्य 1210 महिला कांस्टेबलों के समायोजन का रास्ता खुलेगा और उनके लिए भविष्य में पदोन्नति (प्रमोशन) के अवसर भी सुनिश्चित किए जाएंगे। इस निर्णय से जनपदीय पुलिस में महिलाओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे जिलों में पुलिस कर्मियों की कमी दूर होगी।

मुख्यमंत्री का बयान

“प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

​

Exit mobile version