नई टिहरी: नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की दोगी पट्टी स्थित ग्राम नसोगी निवासी नवीन रयाल ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और देश का मान बढ़ाया है।
हुआ चयन
उनका चयन अजरबैजान में आयोजित होने वाली यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) की ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में रेफरी के रूप में हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस चयन के साथ ही नवीन लगातार चौथी बार किसी विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अजरबैजान से पूर्व नवीन रयाल कजाकिस्तान, सर्बिया और ग्रीस में आयोजित यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी सफलतापूर्वक रेफरी की भूमिका निभा चुके हैं। अब अजरबैजान में आयोजित होने वाली चैंपियनशिप में वे चौथी बार रेफरी के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे।
पवाकी देवी से हुई प्रारंभिक शिक्षा
नवीन रयाल का जन्म टिहरी जिले के ग्राम नसोगी में हुआ और उनकी प्रारंभिक शिक्षा पवाकी देवी से संपन्न हुई। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय कुश्ती और ग्रैपलिंग के मंच पर अपनी पहचान बनाना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।