उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की बेटी आस्था बिष्ट ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति पाकर देवभूमि व परिवार का नाम रोशन किया है।
क्षेत्र में खुशी की लहर
आस्था का परिवार मूल रूप से चमोली जिले के नारायणबगड़ ब्लॉक के ग्राम पालछुनी का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के लोअर नेहरूग्राम में निवास करता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डॉक्टर बनने का सपना संजोए आस्था ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से एएफएमसी (AFMC), पुणे से एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई पूरी की। अब लेफ्टिनेंट के रूप में भारतीय सेना का हिस्सा बनकर उन्होंने न केवल अपना सपना साकार किया है, बल्कि प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार व क्षेत्र में खुशी की लहर है।
सशस्त्र बलों से गहरा नाता
आस्था के परिवार का सशस्त्र बलों से गहरा नाता रहा है। उनके दादा डीएस बिष्ट भारतीय सेना से हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं, वहीं पिता अशोक बिष्ट वर्तमान में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर तैनात हैं।