Site icon Khabribox

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा और राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए यह जरूरी निर्देश


उत्तराखंड: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून का जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।

दिए यह निर्देश

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बीते बुधवार को दोनों महत्वपूर्ण विषयों को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और व्यवस्थाओं को त्रुटिरहित व चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों पर यातायात के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर रात 10 बजे के बाद केवल आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही ही सुनिश्चित की जाए, ताकि ट्रैफिक का दबाव कम हो सके। इसके साथ ही उन्होंने यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और फेक वीडियो प्रसारित कर भ्रम फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


​लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त


वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण को लेकर देहरादून प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित ‘राष्ट्रपति निकेतन’ पहुंचेंगी और अगले दिन 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। इसके बाद वह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने इस वीवीआईपी (VVIP) दौरे की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की सभी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version