Site icon Khabribox

उत्तराखंड: महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में दाखिले का एक और मौका, खेल मंत्री रेखा आर्या ने दिए यह निर्देश

उत्तराखंड: उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बड़ी राहत दी है। सचिवालय स्थित FRDC सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने घोषणा की कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट में प्रवेश के इच्छुक मेधावी छात्राओं को आवेदन का एक और अवसर दिया जाएगा।

स्पॉट ट्रायल से मिलेगा दाखिला

​खेल मंत्री ने बताया कि लोहाघाट स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए अब तक 1,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात पर संज्ञान लिया कि सूचना के अभाव में कई प्रतिभाशाली बालिकाएं आवेदन करने से चूक गई हैं। ऐसी छात्राओं के भविष्य को देखते हुए अधिकारियों को ‘स्पॉट ट्रायल’ के जरिए एडमिशन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि 1 जुलाई से पहला सत्र शुरू होगा। कॉलेज के संचालन के लिए 16 पद सृजित कर दिए गए हैं, जिन्हें जल्द भरा जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय की कक्षाएं इसी सत्र से शुरू की जाएं। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न जॉब’ देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इस वर्ष विज्ञप्ति जारी करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री से बैठक का समय मांगा गया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए खिलाड़ियों के चयन, प्रशिक्षण शिविर, डाइट और लॉजिस्टिक्स के लिए शासन से अतिरिक्त बजट की मांग की गई है।

खेल नर्सरी और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट’

​खेल मंत्री ने प्रदेश में खेल संस्कृति को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए दो बड़ी योजनाओं का जिक्र किया। प्रदेश के स्पोर्ट्स हॉस्टलों को अब ‘खेल नर्सरी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका पायलट प्रोजेक्ट इसी वर्ष शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट’ (ODOS) की नीति तय कर दी गई है। इसके तहत राज्य के सभी 13 जिलों के लिए एक-एक विशिष्ट खेल का चयन किया गया है, ताकि जिला स्तर पर विशिष्ट प्रतिभाओं को निखारा जा सके।

Exit mobile version