Site icon Khabribox

उत्तराखंड: नंदा गौरा योजना से वंचित बेटियों को एक और मौका, इतने नवंबर तक कर सकेंगी ऑनलाइन आवेदन

​उत्तराखंड: प्रदेश में नंदा गौरा योजना का लाभ पाने से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं के लिए जल्द ही विज्ञप्ति जारी की जाएगी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को इसके निर्देश दिए हैं।

दिए यह निर्देश

उन्होंने पात्र बालिकाओं से अपील की है कि वे आगामी 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें, ताकि कोई भी बेटी इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
​गुरुवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक के दौरान उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए।

​दिसंबर के पहले सप्ताह में जारी होगी

​बैठक में ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लाभार्थियों, उनके स्वरोजगार कार्यों की प्रगति और लंबित आवेदनों की गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों को जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा और दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक लाभार्थियों के खाते में योजना की पहली किश्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि महिलाएं समय पर आर्थिक सहायता पाकर आत्मनिर्भर बन सकें।

​जल्द कैबिनेट में आएगा ‘मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना’ का प्रस्ताव

​विभागीय मंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के बच्चों के कल्याण और बेहतर भविष्य के लिए सरकार जल्द ही ‘मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना’ शुरू करने जा रही है। इस योजना का विभागीय प्रस्ताव तैयार हो चुका है और फिलहाल वित्त विभाग के स्तर पर विचाराधीन है। इसे जल्द ही मंजूरी के लिए कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पबद्ध है और हर पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
​
रहें मौजूद

समीक्षा बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशी लाल राणा, उपनिदेशक बिक्रम सिंह, सीपीओ अंजना गुप्ता और राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version