उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में मौसम में बदलाव होने लगा है। जनवरी का महीना है। इस ठंड के मौसम में ही जंगलों में आग की घटनाएं सामने आ रही है। ऐसे में गर्मियों की दस्तक से पहले ही जंगलों में आग की आशंका को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
बैठक का आयोजन
इसके दृष्टिगत देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय वनाग्नि प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। जानकारी के अनुसार इस बैठक में जंगल की आग की रोकथाम को मजबूत करने के लिए 45 लाख रुपये की उपकरण खरीद को मौके पर ही स्वीकृति दी गई। रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने वाली वन पंचायतों, समुदायों और व्यक्तियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही डीएम ने कहा कि इस बार जंगल की आग को लेकर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दिए यह निर्देश
साथ ही डीएम ने निर्देश दिए कि फायर सीजन के दौरान पटवारी चौकियों को त्वरित क्रू-स्टेशन के रूप में सक्रिय रखा जाए, ताकि आग की सूचना पर स्थानीय स्तर से ही त्वरित कार्रवाई हो सके। कहा कि इसके साथ ही आपदा प्रबंधन प्रणाली के तहत हफ्ते के सातों दिन 24 घंटे कंट्रोल रूम, वायरलेस संचार व्यवस्था और सभी अग्नि क्रू-स्टेशन हर समय सक्रिय रहेंगे।