Site icon Khabribox

उत्तराखंड: सावधान: साइबर ठगों का नया पैंतरा, कोतवाल बनकर मृतक के पिता से मांगी ‘रिश्वत’

नैनीताल: उत्तराखंड में साइबर ठगों का जाल बढ़ता जा रहा है। जो मासूम जनता को अपना शिकार बना रहें हैं। एक ऐसा ही मामला हल्द्वानी के कोटाबाग क्षेत्र से सामने आया है।

पुलिस कर रही जांच

मिली जानकारी के अनुसार यहां एक साइबर ठग ने बेटे की मौत के गम में डूबे एक पिता को निशाना बनाने की कोशिश की। ठग ने खुद को सीनियर पुलिस अधिकारी बताकर ‘केस मैनेज’ करने और 15 लाख का क्लेम दिलाने के नाम पर रुपयों की मांग की। बताया कि बीती 6 मई को थपलियागाजा निवासी सरपंच धन सिंह के 17 वर्षीय बेटे जगदीश ने ऑनलाइन गेमिंग के लिए लिए गए उधार को लेकर मानसिक तनाव के चलते जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पिता ने अभय गुप्ता नामक युवक के खिलाफ उत्पीड़न की तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस जांच कर रही है। रविवार को जब धन सिंह पुलिस चौकी बयान देने जा रहे थे, तभी उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को सीनियर अधिकारी ‘सैनी’ बताया और पूछा कि क्या बच्चा एक्सपायर हो गया? उसे वापस तो नहीं लाया जा सकता, लेकिन उसका 15 लाख का क्लेम बन रहा है। ठग ने कहा कि आरोपी अभय गुप्ता पर धाराएं बढ़ाकर उसे जेल भेजा जा रहा है, लेकिन कुछ औपचारिकताएं और परमिशन बाकी है। ठग ने कहा कि काम के लिए टेंपो बुलाना होगा और अन्य खर्चों के लिए तुरंत 15-20 हजार रुपये मैनेज करके कॉल करो। उनके पास उस समय पैसे नहीं थे, इसलिए उन्होंने तुरंत हामी नहीं भरी और सीधे चौकी पहुंचकर एसआई देवेंद्र राणा को मामले की जानकारी दी। जब पुलिस ने उस नंबर पर वापस कॉल की, तो वह स्विच ऑफ आने लगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version