Site icon Khabribox

उत्तराखंड: सावधान: न्यूजीलैंड में नौकरी का दिया झांसा, युवकों से 6 लाख की ठगी, चंडीगढ़ के दंपति समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

उत्तराखंड: उत्तराखंड से एक ठगी का मामला सामने आया है। जिसमें विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर ठगी की गई है।

जानें पूरा मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक न्यूजीलैंड के होटल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उत्तराखंड के चार युवकों से 6 लाख रूपए ठग लिए गए। राजपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चंडीगढ़ निवासी एक दंपति और उनके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सहस्त्रधारा रोड स्थित ब्रह्मपुरी निवासी अर्जुन नौटियाल, जो एक स्थानीय गेस्ट हाउस में कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पूर्व चंडीगढ़ (सेक्टर 44-बी) निवासी हीतांशु गुप्ता, उसकी पत्नी शैलजा सिंह और ससुर राजेंद्र सिंह उनके गेस्ट हाउस में ठहरे थे। इसके बाद आरोपी सहस्त्रधारा रोड स्थित विश्वनाथ एन्क्लेव में करीब चार महीने तक किराये पर रहे। इस दौरान आरोपियों ने अर्जुन का विश्वास जीतकर दावा किया कि न्यूजीलैंड में उनका होटल है, जहाँ उन्हें स्टाफ की आवश्यकता है। आरोपियों के झांसे में आकर अर्जुन ने अपने भाई अमित नौटियाल और परिचितों—राम सिंह, गणेश सिंह व मनोज सिंह—के लिए नौकरी की बात की। वर्क वीजा और नौकरी का भरोसा दिलाकर आरोपियों ने अर्जुन से 6 लाख रुपये की बड़ी रकम ले ली। जब आरोपियों ने न तो युवकों को विदेश भेजा और न ही पैसे वापस किए, तब जाकर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जब अर्जुन ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने कॉल उठाना बंद कर दिया और केवल व्हाट्सएप मैसेज के जरिए झूठे आश्वासन देते रहे।

जांच शुरू

पैसे वापस न मिलने पर पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में गुहार लगाई। राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर हीतांशु गुप्ता, शैलजा सिंह और राजेंद्र सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

Exit mobile version