रामनगर: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने कक्षा 9वीं और 11वीं में अध्ययनरत संस्थागत (नियमित) और व्यक्तिगत (प्राइवेट) छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पंजीकरण प्रक्रिया शुरू
साथ ही बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल वही छात्र वर्ष 2028 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बैठने के पात्र होंगे, जो इस पंजीकरण प्रक्रिया को तय समय के भीतर पूरा करेंगे। इस संबंध में परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंढियाल ने प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए विद्यालयों को शत-प्रतिशत छात्रों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही बोर्ड ने पंजीकरण शुल्क मात्र ₹10 निर्धारित किया है। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 तय की गई है। वहीं कक्षा नौ या ग्यारहवीं में अनुत्तीर्ण (फेल) हुए छात्रों को भी दोबारा पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।