रामनगर (नैनीताल): उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (उत्तराखंड बोर्ड) के इतिहास में पहली बार एक अनूठी और सराहनीय पहल की गई है।
किया सम्मानित
जिसमें बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में अपने विषय का शत-प्रतिशत (100%) परीक्षाफल देने वाले प्रतिभावान विषयाध्यापकों को शुक्रवार को बोर्ड मुख्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। जानकारी के अनुसार रामनगर स्थित बोर्ड के सभागार में आयोजित इस ‘उत्कृष्ट सम्मान समारोह’ में प्रदेश भर से चयनित 114 शिक्षकों के सापेक्ष कुल 79 शिक्षक और शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। अपने विषय में सभी छात्र-छात्राओं को पास कराने वाले शिक्षकों में इस बार सबसे अधिक शिक्षक ऊधमसिंह नगर जिले से शामिल रहे। समारोह में उपस्थित 13 जिलों के 79 शिक्षकों को मुख्य अतिथियों द्वारा शाल ओढ़ाकर, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न (शील्ड) भेंट कर सम्मानित किया गया।