Site icon Khabribox

उत्तराखंड: एसएससी एमटीएस परीक्षा में हाईटेक नकल का मामला: एसटीएफ ने नकल कराने वाले ‘सुपरवाइजर’ को दिल्ली से किया गिरफ्तार, अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी

​उत्तराखंड: कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की मल्टीटास्किंग स्टाफ (एमटीएस) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में रिमोट एक्सेस देकर नकल कराने वाले हाईटेक गिरोह पर उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का एक्शन जारी है।

एसटीएफ की कार्यवाही

इसी क्रम में एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए मामले में लिप्त एक और मुख्य आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पकड़े गए आरोपित की पहचान चंदौली (उत्तर प्रदेश) के मुगलसराय निवासी 22 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है। वह परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) के रूप में तैनात था। एसटीएफ के अनुसार, अंकित कुमार की मुख्य जिम्मेदारी अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करना और परीक्षा हॉल में नकल जैसी अवांछनीय गतिविधियों को रोकना था। आरोप है कि अंकित ने परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस देने के लिए नकल माफिया को कंप्यूटरों की आईपी (IP) संबंधी संवेदनशील जानकारियां उपलब्ध कराईं, जिसके दम पर बाहर बैठे सॉल्वर कंप्यूटर पर पेपर हल कर रहे थे। एसटीएफ ने आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें कई अहम सुराग मिले हैं।

​14 फरवरी को दर्ज हुआ था मुकदमा

​एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि इस मामले में 14 फरवरी 2026 को देहरादून के कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रकरण की संवेदनशीलता और तकनीकी जटिलताओं को देखते हुए जांच एसटीएफ को सौंपी गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर अंकित की भूमिका उजागर हुई, जिसके बाद एसटीएफ टीम ने दिल्ली में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल इस पूरे प्रकरण की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली कर रहे हैं। एसटीएफ ने खुलासा किया कि गिरफ्तार आरोपित अंकित कुमार कोई नया अपराधी नहीं है। वह नवंबर 2025 में एसएससी की एमटीएस और क्लेरिकल स्टाफ परीक्षाओं में हुई धांधली के सिलसिले में देहरादून कोतवाली में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी वांछित चल रहा था। इस हाईटेक सांतरा गिरोह में शामिल सात अन्य आरोपितों को एसटीएफ पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। अंकित की गिरफ्तारी के बाद पकड़े गए आरोपितों की कुल संख्या 8 हो गई है।

Exit mobile version