उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति और मांग में आए उतार-चढ़ाव का फायदा अब साइबर ठग उठाने लगे हैं।
साइबर ठगों का जाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों से एलपीजी बुकिंग के नाम पर ठगी की कोशिशों के मामले सामने आ रहें हैं। जो एक बड़ा चिंता का विषय है। ऐसे में पुलिस और एसटीएफ ने जनता के लिए ‘सख्त एडवाइजरी’ जारी की है।
गैस एजेंसी के प्रतिनिधि बनकर कर रहे हैं फोन
साइबर जालसाज खुद को नामी गैस एजेंसियों का प्रतिनिधि बताकर लोगों को कॉल कर रहे हैं। ये ठग दावा करते हैं कि सिलेंडर की भारी मांग के कारण आपूर्ति कम है, लेकिन यदि ग्राहक उनके द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक कर ओटीपी (OTP) साझा करता है, तो उसे 24 घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी मिल जाएगी।
एसटीएफ और पुलिस की चेतावनी
उत्तराखंड एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि ठग व्हाट्सएप और एसएमएस के जरिए मैलवेयर (खतरनाक वायरस) वाले लिंक भेज रहे हैं। इन लिंक को खोलते ही मोबाइल का नियंत्रण ठगों के पास जा सकता है, जिससे बैंक विवरण और व्यक्तिगत डेटा चोरी होने का खतरा है। इसके लिए सिलेंडर केवल रजिस्टर्ड फोन नंबर, ऑफिशियल ऐप या कंपनी की अधिकृत वेबसाइट से ही बुक करें। साथ ही ओटीपी साझा न करें। अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। बताया कि साइबर धोखाधड़ी के शिकार लोगों को तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन ‘1930’ या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करनी चाहिए।