उत्तराखंड: उत्तराखंड में मौसम साफ होते ही स्थगित की गई विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को आज सोमवार को एक बार फिर सुचारू कर दिया गया है।
चारधाम यात्रा शुरू
मौसम विज्ञान केंद्र के भारी बारिश और भूस्खलन के पूर्वानुमान के दृष्टिगत यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को यात्रा संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही बताया कि मौसम की स्थिति में सुधार के बाद यात्रा पुनः शुरू की गई है, लेकिन सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों की स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर यात्रा संचालन पर फैसला लें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे मौसम का पूर्वानुमान और प्रशासनिक गाइडलाइंस देखकर ही अपनी यात्रा योजना बनाएं।