उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा जारी है। देश दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ चारधाम यात्रा में उमड़ रही है। वहीं श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यात्रियों को सुगमता और सरलता से दर्शन कराने के लिए इस वर्ष भी सभी धामों में रात्रिकालीन दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बीते दिनों शनिवार को आईटी पार्क स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचकर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित जिलाधिकारियों व अधिकारियों को इस संबंध में कड़े निर्देश जारी किए।
दिए जरूरी निर्देश
मुख्य सचिव ने यात्रा मार्गों के निचले क्षेत्रों में बने सभी होल्डिंग एरिया को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए श्रद्धालुओं को इन होल्डिंग एरिया में रोका जाए और वहां पेयजल, शौचालय, भोजन, स्वास्थ्य सुविधा तथा विश्राम जैसी सभी बुनियादी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही चारों धामों में श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जिला प्रशासन, बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय होना बेहद जरूरी है।