Site icon Khabribox

उत्तराखंड: मौसम विभाग के अलर्ट पर एक्शन में सीएम धामी, दिए हाई अलर्ट के निर्देश, पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग पर भी रोक

​उत्तराखंड: उत्तराखंड में मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी ऑरेंज और येलो अलर्ट के बाद राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क हो गई है।

दिए यह निर्देश

जिस पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मौसम की भावी परिस्थितियों को देखते हुए शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने और अलर्ट मोड पर रहने के कड़े निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार सीएम ने कहा कि सभी जिलों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां दुरुस्त रखी जाएं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई के साथ काम करें। बढ़ते खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने तक सभी ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित और स्थगित रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर यातायात को सुरक्षित रूप से डायवर्ट या नियंत्रित करने को कहा गया है।

​इन जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट

​भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
​

​

Exit mobile version