उत्तराखंड: प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए 62 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इतनी धनराशि स्वीकृत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बजट से हरिद्वार अर्द्धकुंभ 2027 की तैयारियों, सीवर शोधन संयंत्र, मंदिरों के सुंदरीकरण और पूर्व सैनिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए किया जाएगा।
• जिसमें हरिद्वार में आयोजित होने वाले आगामी अर्द्धकुंभ-2027 की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सरकार ने 12.31 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस राशि का उपयोग सुरक्षा बैरिकेडिंग, फायर वॉच टावर और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 8 अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण में किया जाएगा।
• राजधानी देहरादून के टपकेश्वर महादेव और गढ़ी डाकरा कैंट क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र के लिए भूमि खरीद हेतु 6.62 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
• राज्यभर में नाबार्ड (NABARD) द्वारा वित्त पोषित 21 विभिन्न विकास योजनाओं को गति देने के लिए 41.37 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
• प्रदेश के धार्मिक और पर्यटन स्थलों के कायाकल्प के तहत द्वाराहाट, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के मंदिरों के जीर्णोद्धार, धर्मशाला निर्माण और सुंदरीकरण कार्यों के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा किच्छा में स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यकरण के लिए 25 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
• इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी जैसे उच्च शिक्षण पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे पूर्व सैनिकों के बच्चों की छात्रवृत्ति के लिए 36.84 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।