Site icon Khabribox

उत्तराखंड: ‘युवा संवाद’ में बोले‌ सीएम पुष्कर सिंह धामी, गिनाई सरकार की उपलब्धियां, बोले—”उत्तराखंड का युवा विकसित भारत का आधार”

उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने राज्य के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा न केवल प्रदेश, बल्कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

युवा बन रहे आत्मनिर्भर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’ और ‘प्रधानमंत्री मुद्रा योजना’ जैसी केंद्रीय पहलों के साथ-साथ राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना’ और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयासों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बना है और युवा अपने कौशल से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए शिक्षा, कौशल और स्वरोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

भर्ती प्रकिया का किया जिक्र

​भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू देश के सबसे सख्त ‘नकल विरोधी कानून’ से प्रतियोगी परीक्षाओं की साख बढ़ी है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। साथ ही, 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार के नए द्वार खुले हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ बताया कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के चलते उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।

Exit mobile version