Site icon Khabribox

उत्तराखंड: कांग्रेस की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ तेज; महंगाई, भ्रष्टाचार और पेपर लीक पर कांग्रेस का प्रहार, जनता से की यह अपील

उत्तराखंड: उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से प्रदेशभर में चलाई जा रही ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ के क्रम में आयोजित जनसभाओं और बैठकों में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण महरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए।

कहीं यह बात

जिस पर उन्होंने इस यात्रा को मात्र एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता, युवाओं, महिलाओं और किसानों के अधिकारों की लड़ाई का एक बड़ा अभियान बताया। करण महरा ने कहा कि आज प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की मार झेल रही है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए कहा कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि सरकारी विभागों में पद रिक्त पड़े हैं। भर्ती परीक्षाओं में हुए पेपर लीक मामलों को उन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर मजाक करार दिया और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध देवभूमि की संस्कृति के प्रतिकूल हैं। साथ ही, उन्होंने हाल ही में राम मंदिर परिसर में हुई चोरी की घटना का जिक्र करते हुए इसे श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।

जनता से मांगा समर्थन

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि यह यात्रा हर जिले और गांव तक पहुंचकर जनता की आवाज बुलंद कर रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि पार्टी जनहित और पारदर्शिता के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया।

रहे उपस्थित

इस अवसर पर पूर्व प्रमुख रमेश भाकुनी, ब्लॉक अध्यक्ष शिवराज नयाल, राजू भट्ट, बहादुर मेहता, राजेन्द्र बिष्ट, रमेश भंडारी, जिला पंचायत सदस्य कुंदन भंडारी, संतोष कुमार, निशा कनवाल, भुवन दोसाद, आनंद बिष्ट, नारायण दत्त पांडे, निर्मल रावत, गजेंद्र फर्त्याल, नवीन कोहली, कमल बिष्ट, रंजीत नयाल, ललित मेहता, गोपाल कनवाल और दिनेश पिलख्वाल सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version