उत्तराखंड: राज्य में बुनियादी ढांचे, सड़क कनेक्टिविटी और धार्मिक पर्यटन को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनपदों की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, देहरादून, चमोली और पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि जारी की गई है।
धनराशि स्वीकृत
रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के ताड़ीखेत विकासखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ₹3.34 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत रानीखेत झूला देवी मंदिर, शिव मंदिर और दुभणा स्थित प्राचीन चमूथान मंदिर का सौंदर्यीकरण होगा।
• बिल्लेख देवी मंदिर, चमड़खान के ग्येल देवता मंदिर और खुशालकोट शिव मंदिर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
• डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला (टिहरी विस्थापित क्षेत्र) में पहचान और सौंदर्य वृद्धि के लिए ₹97 लाख की लागत से नए घंटाघर का निर्माण किया जाएगा।
• गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के नियमित वित्तीय दायित्वों, वेतन व भत्तों के भुगतान के लिए ₹150 करोड़ के स्वीकृत बजट के सापेक्ष ₹80 करोड़ की दूसरी किश्त जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
• चमोली (थराली विधानसभा): नंदानगर के सुतोल स्थित ध्योसिंह धाम मंदिर (₹19.56 लाख), रामणी के गोरिया राजा मंदिर (₹9.93 लाख), चोपता चौरी स्थित मां गिरिजा भवानी मंदिर धर्मशाला (₹33.72 लाख), नारायणबगड़ के मींगेश्वर मंदिर (₹20.24 लाख) और कौब स्थित महादेव मंदिर (₹39.62 लाख) के सौंदर्यीकरण कार्यों को मंजूरी मिली है।
• पिथौरागढ़: विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ की न्याय पंचायत बीसाबजेड से ग्राम विपुल तक सीसी रैलिंग मार्ग निर्माण के लिए ₹49.64 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों का आवागमन आसान होगा।