Site icon Khabribox

उत्तराखंड: उत्तरकाशी में महसूस हुए भूकंप के झटके, 4.2 रही तीव्रता, जान-माल के नुकसान की खबर नहीं

​उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शनिवार रात अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई।

भूकंप के झटके

मिली जानकारी के अनुसार जिले में कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। यहां रात 8:07 बजे धरती कांपी। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप के झटके रात 8 बजकर 7 मिनट 30 सेकंड पर महसूस किए गए। इसका केंद्र भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत बसुंगा गांव के जंगल में जमीन से 11 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। भूकंप के झटके उत्तरकाशी जिला मुख्यालय समेत भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट और धौंतरी क्षेत्रों में साफ तौर पर महसूस किए गए। हालांकि, पुरोला और मोरी क्षेत्रों में झटके दर्ज नहीं किए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने और किसी भी आपात स्थिति के लिए राहत व बचाव दल को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। संभावित आफ्टरशॉक्स (पुनः झटकों) को देखते हुए पुलिस और आपदा प्रबंधन इकाइयों को सतर्क रखा गया है।

Exit mobile version