March 28, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

रिलायंस जियो कंपनी के दफ्तर से लाखों के उपकरण गायब, ठेकेदार के कर्मचारी पर लगा आरोप

देहरादून: रिलायंस जिओ कंपनी के दफ्तर से लाखों के उपकरण गायब हो गए। उपकरण गायब करने का आरोप कंपनी के अधिकृत ठेकेदार के कर्मचारी पर लगा है। जानकारी के मुताबिक गायब उपकरणों की कीमत 52 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। गैप टेली सर्विसेज कंपनी के सीईओ आशुतोष राणा ने राजपुर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कर्मचारी ने गोदाम से सामान लेकर कर दिया गायब

गैप टेली सर्विसेज कंपनी के सीईओ आशुतोष राणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी को वर्ष 2018 में रिलायंस जिओ के काम का ठेका मिला था। उन्होंने मदद के लिए अंकुर कुमार निवासी पुष्कर नगर अमरोहा को काम पर रख लिया। अंकुर का काम जियो के गोदाम से जरूरी उपकरण उनके माजरा स्थित गोदाम में लाकर रखने का था। इस साल उन्होंने काम पूरा करने के बाद बिल भुगतान के लिए कंपनी को भेजे। जिसके बाद पता चला कि उनकी कंपनी ने जिओ के आईटी पार्क स्थित गोदाम से 52 लाख रुपये से अधिक के उपकरण लिए हैं। लेकिन उन्होंने सारा सामान जियो के सेलाकुई स्थिति गोदाम से मंगवाया था। तब आशुतोष को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि उनके कर्मचारी अंकुर ने गोदाम से सामान लेकर गायब कर दिया है। जिसके बाद आशुतोष राणा ने राजपुर थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।