Site icon Khabribox

उत्तराखंड: केदारनाथ से लेकर कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर निकालेगी‌ सरकार- गृहमंत्री अमित शाह

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। देवभूमि में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी जनसैलाब उमड़ा। साथ ही उन्होंने हरिद्वार के बैरागी कैम्प में उत्तराखंड सरकार की विकास परख उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

जनता के सामने रखी राज्य सरकार की उपलब्धियां

इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर किया गया था। जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भव्य कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्य की सुरक्षा और विकास योजनाओं को नई मजबूती प्रदान की। आयोजन के दौरान पाकिस्तान, अफगानिस्तान से आए 162 शरणार्थियों को भारत की नागरिकता का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विरोध के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों को भारत की नागरिकता देगी। उन्होंने कहा कि सरकार केदारनाथ से लेकर कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर निकालेगी। इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में ई जीरो एफआईआर प्रणाली का भी शुभारंभ किया।

संबोधन में कहीं यह बात

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने बीते चार सालों में उत्तराखंड को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है। राज्य में कई ऐसे फैसले लिए गए हैं जिनकी चर्चा केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हो रही है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ लोगों ने अब तक बीजेपी को समर्थन दिया है, उसी तरह साल 2027 में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखें।

Exit mobile version