उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सोमवार को’मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया है।
मिलेगी निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस योजना के माध्यम से राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और संसाधन प्रदान करना है, ताकि पैसों की तंगी उनके सपनों में बाधा न बन सके। यह सुविधा राज्य के विश्वविद्यालयों, शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को मिलेगी। विशेष रूप से प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए यह योजना वरदान साबित होगी।
इन परीक्षाओं की मिलेगी निःशुल्क तैयारी
• सिविल सर्विसेज एवं रक्षा सेवा: UPSC, राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) और CDS।
• भर्ती परीक्षाएं: बैंकिंग, रेलवे और SSC।
• उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाएं: CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET।