अल्मोड़ा: उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने अपनी बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करते हुए अल्मोड़ा के लोअर माल रोड में अपनी नई शाखा का उद्घाटन किया है।
शाखा का उद्घाटन
यह बैंक की 100वीं शाखा है। उद्घाटन समारोह का आयोजन एसबीआई कॉरपोरेट ऑफिस मुंबई के महाप्रबंधक प्रकाश चंद्र बोरा तथा उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष हरिहर पटनायक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए बैंक के अध्यक्ष हरिहर पटनायक ने जनता से अपील की कि वे इस नई शाखा से अपनी सभी वित्तीय जरूरतों को पूरा करें। उन्होंने बताया कि बैंक राज्य में स्व-रोजगार को बढ़ावा देने और प्रदेश के विकास में निरंतर प्रयासरत है। वर्तमान में बैंक का कुल व्यवसाय ₹9,000 करोड़ से अधिक का है। इसके अलावा, बैंक अपने 1,058 व्यवसाय प्रतिनिधियों के माध्यम से भी दूर-दराज के क्षेत्रों तक ग्राहकों को सेवा प्रदान कर रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं और प्रतिनिधि सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों (SHGs) में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। एसबीआई कॉरपोरेट ऑफिस मुंबई के महाप्रबंधक प्रकाश चंद्र बोरा द्वारा उन्हें प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए। साथ ही, बैंक के उत्कृष्ट व्यवसाय प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
हेल्पलाइन नंबर
बैंक अध्यक्ष ने बताया कि स्वरोजगार एवं अन्य सहायता संबंधी जानकारी के लिए ग्राहक हेल्पलाइन नंबर 7088810197 पर संपर्क कर सकते हैं। व्हाट्सऐप आधारित सुविधाओं के लिए 9212005002 नंबर उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही, बैंक की DISA App के माध्यम से ग्राहक घर बैठे ऑनलाइन खाता खोल सकते हैं और अन्य डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। क्षेत्रीय कार्यालय (पंचम) के क्षेत्रीय प्रबंधक विजय कुमार ने ग्राहकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (जिसमें ₹2 लाख तक का बीमा कवर मिलता है) और अटल पेंशन योजना की जानकारी दी। इसके अलावा, स्थानीय व्यापारियों और व्यवसायियों के लिए बैंक द्वारा ‘QR Code’ की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
रहें उपस्थित
उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय से नीरज पांडे, सुनील आर्य, शाखा प्रबंधक तेज कृष्ण सिंह, नेहा उप्रेती, आकाश नेगी, संजय पटेल, कंचन चौहान और अमित बिष्ट सहित बैंक का अन्य स्टाफ उपस्थित रहें।