Site icon Khabribox

उत्तराखंड: चमोली की नीति घाटी में भारी बारिश का कहर, तमक नाले में बहा वैली ब्रिज, बीआरओ का हवलदार और वाहन लापता

चमोली: उत्तराखंड के चोमोली जनपद स्थित नीति घाटी में आज सोमवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया।

वैली ब्रिज बहा

इस पानी के तेज बहाव के कारण ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर बना वैली ब्रिज बह गया। जिससे नीति घाटी का संपर्क कट गया है। साथ ही वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज नाले के अत्यधिक वेग को सहन नहीं कर सका और क्षतिग्रस्त होकर बह गया। इस दुर्घटना में बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) के एक हवलदार और एक वाहन के भी नाले के तेज बहाव में बहने की सूचना है।

राहत कार्य जारी

जिस पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मलारी की ओर जाने वाले सभी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिए गए हैं।

दिए यह निर्देश

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन से फोन पर पूरी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा के लिए कड़े एहतियाती कदम उठाए जाएं। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक प्रभावित मार्ग पर आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रखा जाए।

Exit mobile version