Site icon Khabribox

उत्तराखंड: बदरीनाथ से देहरादून लौट रहे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, हाईटेंशन लाइन से टकराया, बाल-बाल बची 6 जानें

उत्तराखंड: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा से लौट रहे तीर्थयात्रियों को लेकर देहरादून आ रहे एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर की टिहरी गढ़वाल के सत्यो-सकलाना क्षेत्र में खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

सभी यात्री सुरक्षित

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पायलट की सूझबूझ से हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोग (पायलट सहित) पूरी तरह सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का यह हेलीकॉप्टर बुधवार सुबह बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय हेलीकॉप्टर अचानक एक हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तार से टकराने के कारण हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से को क्षति पहुंची। खतरे को भांपते हुए पायलट ने तत्काल सूझबूझ का परिचय दिया और बिना वक्त गंवाए सत्यों-सकलाना के खेतों में हेलीकॉप्टर की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हालांकि सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।

​जांच शुरू

​खेतों में हेलीकॉप्टर उतरने की खबर फैलते ही आसपास के स्थानीय लोग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। टिहरी पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद पुष्टि की है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनके रहने व सुरक्षा की आवश्यक व्यवस्था कर दी गई है। इस घटना के कारणों की विस्तृत जांच तकनीकी और एविएशन एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

Exit mobile version