उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (HMI), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन किया।
सीएम ने दी बधाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में इस संयुक्त दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी का पहला सफल आरोहण है। मुख्यमंत्री धामी ने अभियान दल के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि हिमालय की दुर्गम परिस्थितियों में यह सफलता पर्वतारोहियों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का परिचायक है। यह उपलब्धि न केवल तटरक्षक बल बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।उन्होंने कहा कि इस अभियान को उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित किया जाना विशेष महत्व रखता है।