Site icon Khabribox

उत्तराखंड: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर दो ठगों ने एक व्यक्ति से 10 लाख रुपए हड़पे

देहरादून से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। एक युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया की शेयर मार्केट में निवेश के बदले अच्छा मुनाफा कमाने का लालच देकर दो जालसाजों ने उससे 10 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक विवेक स्वरूप निवासी मिरीडियन हाइट्स कालीदास रोड ने पुलिस को दी तहरीर में बताया की जिस बिल्डिंग में वह रहता है, उसी बिल्डिंग में रहने वाले गौरव मैठाणी और उसके साथी तपन ने विवेक को बताया कि वह शेयर मार्केट का काम करते हैं, एक योजना के अंतर्गत शेयर मार्केट में धनराशि जमा करने पर 15 से 24 प्रतिशत वार्षिक रिटर्न मिलता है। विवेक ने दोनों की बातों में आकर उन्हें 10 लाख रुपये दे दिए। एक साल बीत जाने के बाद भी जब विवेक को कोई धनराशि नहीं मिली तो उसने गौरव और तपन से संपर्क किया। लेकिन दोनों आरोपित इस मामले में टालमटोल करते रहे। जिसके बाद परेशान होकर विवेक ने पुलिस को मामले की तहरीर दी‌। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version