Site icon Khabribox

उत्तराखंड: यहां 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते जेई रंगे हाथों गिरफ्तार, विजिलेंस ने की बड़ी कार्रवाई

उत्तराखंड: उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है और पशुलोक बैराज, ऋषिकेश में तैनात उत्तराखंड जल विद्युत निगम के जूनियर इंजीनियर (जेई) फैसल खान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानें क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार एक सरकारी ठेकेदार (शिकायतकर्ता) ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था। उक्त कार्य के भुगतान (बिल पास करने) के एवज में वहां तैनात जेई फैसल खान लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। रिश्वत न देने पर ठेकेदार को परेशान किया जा रहा था और काम अटकाया जा रहा था। शिकायत मिलने पर सतर्कता अधिष्ठान ने प्राथमिक जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद विजिलेंस की एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। बुधवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी जेई फैसल खान (निवासी: कटोरताल, थाना काशीपुर, ऊधमसिंह नगर) को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।

मुकदमा दर्ज

जिसके बाद आरोपी के खिलाफ विजिलेंस सेक्टर देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

देखें नंबर

आपसे यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो नागरिक सतर्कता अधिष्ठान की इन हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
▪ ​टोल फ्री हेल्पलाइन: 1064
▪ ​व्हाट्सएप हेल्पलाइन: 9456592300

Exit mobile version