Site icon Khabribox

उत्तराखंड: केदारताल हादसा: लापता ट्रैकर्स में से एक और का शव बरामद, मृतकों की संख्या पहुंची 7, रेस्क्यू अभियान जारी

​उत्तरकाशी: केदारताल ट्रैक पर लापता हुए आठ ट्रैकर्स की तलाश में चलाए जा रहे संयुक्त रेस्क्यू अभियान में शुक्रवार को सफलता के साथ एक दुखद खबर आई।

तीन शव बरामद

जानकारी के अनुसार नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमों ने खोजबीन के दौरान एक और ट्रेकर का शव बरामद कर लिया है। इस नए शव के मिलने के साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वाले ट्रैकर्स की संख्या बढ़कर सात हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू टीम ने पिछले दो दिनों में बरामद किए गए तीन शवों को हेलीकॉप्टर की मदद से मातली हेलीपैड पहुँचाया, जहाँ से उन्हें तुरंत पोस्टमार्टम के लिए उत्तरकाशी जिला अस्पताल भेजा गया। परिजनों ने तीनों शवों की शिनाख्त कर ली है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि बुधवार तक रेस्क्यू टीम ने चार ट्रैकर्स के शव बरामद कर लिए थे, जिनमें लखनऊ की दो सगी बहनें—दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा—भी शामिल थीं। इसके बाद गुरुवार को अभियान के दौरान दो और शव मिले, जबकि शुक्रवार को सातवें ट्रेकर का शव बरामद किया गया।

चलेगा अभियान

​आपदा प्रबंधन अधिकारी ने पुष्टि की कि गुरुवार और शुक्रवार को मिले तीनों शवों को मातली हेलीपैड लाकर आगे की कानूनी व चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए अस्पताल पहुँचा दिया गया है। ​केदारताल ट्रैक पर अभी भी एक ट्रेकर लापता बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अंतिम लापता ट्रेकर का सुराग लगाने और उसे सुरक्षित निकालने के लिए शनिवार सुबह एक बार फिर सघन तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।

Exit mobile version