Site icon Khabribox

उत्तराखंड: सरकार का बड़ा फैसला: अब राष्ट्रीय खेल 2025 के विश्वस्तरीय स्टेडियम आम जनता और खिलाड़ियों के लिए खुलेंगे, लागू रहेगी यह व्यवस्था

उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने एक खास पहल की है। राष्ट्रीय खेल 2025 के सफल आयोजन के लिए तैयार की गई विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को अब प्रदेश के खिलाड़ियों और आम खेल प्रेमियों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है।

दी यह मंजूरी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने इसके लिए ‘पे एंड प्ले’ व्यवस्था को मंजूरी दे दी है। खेल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न आधुनिक स्टेडियमों, खेल मैदानों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरणों का उपयोग अब कोई भी निर्धारित शुल्क देकर नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए कर सकेगा। इससे जहां खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, वहीं खेल विभाग को भी राजस्व प्राप्त होगा, जिसे ‘खेल विकास निधि’ में जमा किया जाएगा।

यह उपकरण उपलब्ध

रिपोर्ट्स के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत देहरादून स्थित रजत जयंती खेल परिसर, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और परेड ग्राउंड समेत राज्य के विभिन्न खेल परिसरों को इसके दायरे में लाया गया है। यहाँ खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, शूटिंग, स्क्वैश, इक्वेस्ट्रियन, आइस स्पोर्ट्स, क्रिकेट, बॉलिंग, फेंसिंग, जिम्नास्टिक, लॉन टेनिस, पिकलबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, फुटबॉल, स्विमिंग, हैंडबॉल और हॉकी जैसे दर्जनों खेलों की सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही चेंजिंग रूम, वॉशरूम, सिंथेटिक ट्रैक, स्विमिंग लेन, कोचिंग सहायता और आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध होंगे।

Exit mobile version