उत्तराखंड: उत्तराखंड शासन के वन अनुभाग-1 ने भारतीय वन सेवा (IFS) के शीर्ष स्तर के अधिकारियों के दायित्वों में बड़ा बदलाव किया है।
आदेश जारी
इस संबंध में शासन के सचिव सी. रविशंकर की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जारी आदेश के तहत प्रमुख वन संरक्षक (PCCF), अपर प्रमुख वन संरक्षक (APCCF), मुख्य वन संरक्षक (CCF) और वन संरक्षक (CF) स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों का कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
देखें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
• प्रमुख वन संरक्षक (PCCF) स्तर:
◦ कपिल लाल (IFS 1993): PCCF (HoFF) उत्तराखंड के पद पर बने रहेंगे, लेकिन उन्हें ‘कैम्पा’ के CEO और नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधन के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
◦ नीना ग्रेवाल (IFS 1993): इन्हें प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) / मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, उत्तराखंड बनाया गया है। इसके साथ ही वह प्रबंध निदेशक (उत्तराखंड वन विकास निगम) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी।
• अपर प्रमुख वन संरक्षक (APCCF) स्तर:
◦ बी. के. गांगटे (IFS 1998): इन्हें प्रतीक्षारत श्रेणी से हटाकर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (कैम्पा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही इन्हें वन अनुसंधान, प्रबंधन एवं प्रशिक्षण का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।
◦ सुरेंद्र मेहरा (IFS 1999): इन्हें APCCF (नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधन) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा।
• मुख्य वन संरक्षक (CCF) स्तर:
◦ डॉ. पराग मधुकर धकाते (IFS 2002): इन्हें CCF (वन पंचायत, सामुदायिक वानिकी और मुख्यालय प्रभार) से अवमुक्त किया गया है। वह प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह संभालते रहेंगे।
◦ सुशांत कुमार पटनायक (IFS 2002): यह वर्तमान में CCF (वन संरक्षण, वनाग्नि एवं आपदा प्रबंधन तथा पर्यावरण) का जिम्मा संभाल रहे हैं, और अब इन्हें ‘वन पंचायत एवं सामुदायिक वानिकी’ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया गया है।
• वन संरक्षक (CF) स्तर:
◦ चंद्र शेखर सनवाल (IFS 2010): इन्हें प्रतीक्षारत श्रेणी से हटाकर वन संरक्षण, नोडल कार्यालय (देहरादून) में तैनात किया गया है।
◦ नीतू लक्ष्मी एम. (IFS 2010): इन्हें यमुना वृत्त के प्रभार से अवमुक्त करते हुए उत्तराखंड शासन में अपर सचिव, वन विभाग के पद पर तैनात किया गया है।
◦ कल्याणी (IFS 2012): शासन में अपर सचिव के पद से स्थानांतरित करते हुए इन्हें वन संरक्षक, यमुना वृत्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।