Site icon Khabribox

उत्तराखंड ने रचा इतिहास: बना देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य, शिक्षा के क्षेत्र में हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि

उत्तराखंड: उत्तराखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश के छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि हासिल की है।

नई शिक्षा नीति 2020 और ‘उल्लास’ (ULLAS – Understanding of Lifelong Learning for All in Society) कार्यक्रम के तहत राज्य ने निर्धारित मानकों को पूरा कर यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले मिजोरम, गोवा, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा प्राप्त कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को राज्य के लिए मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा, “इस उपलब्धि से ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। साथ ही, डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता और सतत शिक्षा पर हमारा विशेष जोर जारी रहेगा”।

सरकार की प्रतिबद्धता

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की सफलता बताते हुए कहा कि सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और आजीवन शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सचिव (विद्यालयी शिक्षा) रविनाथ रमन ने इसे सामाजिक और आर्थिक विकास का आधार बताते हुए कहा कि उल्लास कार्यक्रम के माध्यम से समाज के हर व्यक्ति तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित की गई है।

सामूहिक प्रयासों का परिणाम

महानिदेशक (विद्यालयी शिक्षा) आकांक्षा कोंडे और निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) कुंवर सिंह रावत ने इस सफलता का श्रेय राज्य सरकार, शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन, स्वयंसेवी शिक्षकों और प्रदेश की जनता के सामूहिक प्रयासों को दिया है। यह उपलब्धि न केवल वयस्कों को साक्षर बनाने का परिणाम है, बल्कि यह डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता और जीवनोपयोगी कौशल को सतत अधिगम से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Exit mobile version