Site icon Khabribox

चिकित्सा जगत में उत्तराखंड का डंका: दून मेडिकल कॉलेज के डॉ. सलिल गर्ग एडिनबर्ग में प्रतिष्ठित फेलोशिप से हुए सम्मानित, बने ग्लोबल फेलो

उत्तराखंड: उत्तराखंड के चिकित्सा जगत के लिए एक बेहद गौरवान्वित करने वाली खबर है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय के कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष और देश के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. सलिल गर्ग को स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में एक बेहद प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।


​दुनिया भर से चुने गए सिर्फ 58 डॉक्टर

​मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉ. गर्ग को यह गौरवपूर्ण सम्मान ‘रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस ऑफ एडिनबर्ग’ द्वारा आयोजित ‘न्यू फेलोस एडमिशन सेरेमनी’ में प्रदान किया गया।इस वर्ष दुनिया भर से केवल 58 चुनिंदा शीर्ष चिकित्सकों को ही इस फेलोशिप के योग्य माना गया, जिनमें डॉ. सलिल गर्ग ने अपनी जगह बनाई। डॉ. सलिल गर्ग को यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान चिकित्सा और हृदय रोग (कार्डियोलॉजी) के क्षेत्र में उनके असाधारण वैश्विक योगदान के लिए दिया गया है। वे विशेष रूप से जटिल और पेरीफेरल एंजियोप्लास्टी में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और विशेषज्ञता के लिए जाने जाते हैं।


​सेना में रह चुके हैं कर्नल

​विश्व प्रसिद्ध इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. गर्ग पूर्व में भारतीय सेना में कर्नल के रूप में भी अपनी विशिष्ट सेवाएं दे चुके हैं। सेना में रहते हुए उन्होंने अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में होने वाली बीमारियों के प्रबंधन के साथ-साथ ‘हार्ट फेलियर मैनेजमेंट’ और ‘हार्ट ट्रांसप्लांट’ सेवाओं के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वर्तमान में वे दून मेडिकल कॉलेज के माध्यम से उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर रहे हैं।

Exit mobile version