Site icon Khabribox

उत्तराखंड: शीला समुद्र पहुंची नंदा देवी बड़ी जात यात्रा: माँ नंदा के जयकारों से गुंजायमान हुआ उच्च हिमालय, श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर

उत्तराखंड: गोपेश्वर/थराली:
रिपोर्ट – (महिपाल गुसाईं/हरेंद्र बिष्ट)

श्री नंदा देवी बड़ी जात यात्रा (राजजात) अपने सबसे चुनौतीपूर्ण और दुर्गम मार्ग को पार करते हुए यात्रा के 16वें तथा तीसरे निर्जन पड़ाव शीला समुद्र पहुंच गई है। उच्च हिमालयी क्षेत्र के कठिन रास्तों के बावजूद, प्रकृति के मनोरम दृश्यों और माँ नंदा भगवती के जयकारों के साथ हजारों श्रद्धालु पूरे उत्साह से आगे बढ़ रहे हैं।

भक्तकठिन दर्रे पार कर पहुंचे 16वें पड़ाव

शनिवार सुबह यात्री अपने 15वें पड़ाव पातरनचौनियां से रवाना हुए। दशोली, बंड व ज्वाल्पा की देव डोलियों, विभिन्न क्षेत्रों की देव छंतोलियों और प्रसिद्ध चौसिंगा खाडू (चार सींग वाले भेड़) के साथ भक्तों ने कैलवाविनायक, रूपकुंड और ज्यूरागली जैसे बेहद दुर्गम मार्गों को पार किया।‌ ग्लेशियर के ऊपर बसे शीला समुद्र पड़ाव पर शनिवार रातभर देवी जागरण और ध्योसिंह व लाटू देवता की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

पहली बार बर्फ देख रोमांचित हुए बाहरी श्रद्धालु

हाल के दिनों में रूपकुंड से ज्यूरागली और शीला समुद्र के बीच हुई हल्की बर्फबारी से श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। नंदा भक्त इसे माँ की विशेष कृपा मान रहे हैं। देश के अन्य राज्यों से आए ऐसे श्रद्धालु, जिन्होंने पहले कभी बर्फबारी नहीं देखी थी, वे इस नजारे से बेहद रोमांचित नजर आए।

कल होमकुंड में होगी महापूजा और चौसिंगा खाडू की विदाई

रविवार को यात्रा शीला समुद्र से रवाना होकर त्रिशूली और नंदा घुंघटी हिमशिखर की तलहटी में स्थित पंचगंगा होमकुंड पहुंचेगी। यहाँ विधि-विधान से ‘बड़ी जात’ (विशेष पूजा-अर्चना) आयोजित होगी। पूजा के बाद माँ नंदा को भेंट व श्रृंगार सामग्री अर्पित की जाएगी और पिछले 16 दिनों से यात्रा की अगुवाई कर रहे चौसिंगा खाडू को कैलाश धाम के लिए अकेले विदा कर दिया जाएगा।‌ इसके बाद यात्रा की वापसी शुरू होगी और रविवार को ही यात्रा अपने 17वें पड़ाव जामुन डाली पहुंचेगी।
​बधाण की डोली ल्वाणी गांव पहुंची।‌ दूसरी ओर, सिद्धपीठ देवराड़ा लौटने के क्रम में बधाण क्षेत्र की देव डोली अपने दूसरे पड़ाव ल्वाणी गांव पहुंच गई है। शनिवार सुबह डोली बांक गांव से रवाना होकर लोहाजंग होते हुए दोपहर के भोजन के लिए बगड़ीगाड़ पहुंची, जहां स्थानीय ग्रामीणों ने देव डोली और छंतोली का भव्य स्वागत किया

दी विदाई

​इस अवसर पर हरनी की प्रधान रीता पांडे, क्षेपंस पारी देवी, पूर्व प्रधान गंगा सिंह सुयाल, हरिकृष्ण पांडे, बादल सिंह, मदन सिंह, कलम सिंह और पदम सिंह खत्री सहित अनेक ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत कर भावभीनी विदाई दी। संध्या समय यात्रा ल्वाणी गांव पहुंची, जहां रात्रि विश्राम का आयोजन किया गया है।

Exit mobile version