Site icon Khabribox

उत्तराखंड: आपदा में अब नहीं टूटेगा नेटवर्क: आपदा प्रबंधन के लिए खरीदे जाएंगे सेटेलाइट आधारित ‘लियो’ डिवाइस, टेंडर प्रक्रिया शुरू

उत्तराखंड: उत्तराखंड में भूस्खलन, बादल फटने, बाढ़ और भूकंप जैसी भीषण आपदाओं के समय यदि किसी प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हो जाता है, तो ऐसे में’लो अर्थ आर्बिट’ (LEO) सेटेलाइट डिवाइस संचार प्रणाली सक्रिय होकर उस क्षेत्र को सीधे राज्य व जिला मुख्यालय से जोड़े रखेगी।

प्रोजेक्ट के तहत टेंडर प्रक्रिया शुरू

​मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस अत्याधुनिक सेटेलाइट आधारित सिस्टम की खरीद के लिए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने विश्व बैंक पोषित ‘यू-प्रिपेयर’ (U-PREPARE) प्रोजेक्ट के तहत टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर मिलने के 45 दिनों के भीतर इन उपकरणों की आपूर्ति और स्थापना का काम पूरा करना होगा। परियोजना के पहले चरण में कुल 14 ‘लियो’ डिवाइस खरीदे जाएंगे। इनमें से एक डिवाइस देहरादून स्थित USDMA मुख्यालय में स्थापित होगी, जबकि बाकी 13 डिवाइस राज्य के सभी 13 जिलों को एक-एक उपलब्ध कराई जाएंगी। भविष्य में इस योजना का विस्तार ब्लॉक स्तर तक करने का लक्ष्य है।

जानें कैसे काम करेगा ‘लियो’ डिवाइस

​USDMA अधिकारियों के अनुसार‌ यह प्रणाली मात्र 20 किलोग्राम वजनी और पोर्टेबल है, जिसे आसानी से आपदा स्थल पर ले जाया जा सकता है। बैटरी से संचालित यह सिस्टम लगाए जाने के महज 5 मिनट के भीतर पृथ्वी की निचली कक्षा  में मौजूद सेटेलाइट से जुड़कर मोबाइल व इंटरनेट नेटवर्क बहाल कर देता है। इसका इस्तेमाल आपदा क्षेत्र में वाई-फाई हॉटस्पॉट के रूप में भी किया जा सकेगा।

Exit mobile version