उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने अपनी करवट बदली है। इन दिनों पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों में बारिश का दौर बना हुआ है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार और भारी बारिश से लोगों की परेशानियां बढ़ रही है।
केदारनाथ धाम में बर्फबारी-
इन दिनों उत्तराखंड में स्थित चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन को आ रहे हैं। वहीं केदारघाटी समेत रुद्रप्रयाग जिले में बारिश शुरू हो गई है। जिसके बाद अब केदारनाथ धाम में बर्फबारी हो रही है, केदारनाथ, बदरीनाथ धाम की चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, फूलों की घाटी व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
हेली सेवाएं रोकी-
इसके चलते केदारनाथ यात्रा सोनप्रयाग में रोक दी गई है। फिलहाल यात्रियों को अलग अलग स्थानों पर रोका गया है। बताया जा रहा है कि इसके अलावा फाटा और गौरीकुंड से हेलीकॉप्टर सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। इस संबंध में रुद्रप्रयाग सर्किल ऑफिसर प्रमोद घिल्डियाल ने हेलीकॉप्टर सेवाएं निलंबित होने की पुष्टि की है। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन एहतियात बरत रहा है। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर केदारनाथ जा रहे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है।
बारिश का अलर्ट-
मौसम विभाग ने राज्य के अधिकतर इलाकों में आज भी बारिश का अलर्ट जारी कर रखा है। खासतौर पर राज्य के पर्वतीय इलाकों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं यमुनोत्री, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में कल से ही बर्फबारी हो रही है। इसके चलते यहां तापमान में खासी कमी दर्ज की गई है।