March 28, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

उत्तराखंड: सड़क हादसे का शिकार हुए लांस नायक संतोष पैन्यूली के नाम पर रखा जाएगा निवाल गांव हाईस्कूल का नाम

देहरादून: राज्य के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने पंडितवाड़ी के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से जान गंवाने वाले लांस नायक संतोष पैन्यूली को दून अस्पताल जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मंत्री ने लांस नायक के गांव स्थित राजकीय हाईस्कूल निवालगांव का नाम जवान के नाम पर रखने की साथ ही जवान की स्मृति में एक द्वार बनाने की घोषणा की।

एक माह की छुट्टी बीता कर जा रहे थे वापस

एक माह की छुट्टी बीता कर ड्यूटी पर जा रहे लांस नायक संतोष प्रसाद पैन्यूली की सड़क दुघर्टना में मौत हो गई। साथ ही वाहन सवार जवान की मौसी के बेटे अभिषेक की भी मौत हो गई। दोनों बाइक से प्रेमनगर से आइएसबीटी जा रहे थे। जहां से उन्हें चंडीगढ़ के लिए बस पकड़नी थी। चंडीगढ़ से आगे का सफर हवाई जहाज से करना था।अभिषेक बाइक से संतोष को आइएसबीटी तक छोड़ने जा रहा था। पंडितवाड़ी के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। संतोष और अभिषेक छिटककर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद डंपर दोनों के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की

आज दून अस्पताल में सैन्य सम्मान के साथ लांस नायक संतोष पैन्यूली को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राज्य के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने संतोष के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लांस नायक के पिता भागवत प्रसाद, माता भागेश्वरी देवी और भाई कैलाश पैन्यूली को ढांढस बंधवाया। उन्होंने कहा कि वह लांस नायक के मृत्यु के बाद औपचारिकताओं में हर संभव मदद कराएंगे। इस मौके पर मंत्री ने लांस नायक संतोष पैन्यूली के नाम पर उनके गांव के स्कूल राजकीय हाईस्कूल निवाल गांव का नाम लांस नायक के नाम रखने की घोषणा की। साथ ही लांस नायक के गांव में उनके सम्मान में एक द्वार बनाने की भी घोषणा की।