Site icon Khabribox

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की 36वीं विद्यापरिषद बैठक का आयोजन , बीएड ओडीएल और पीएचडी नई प्रवेश व्यवस्था सहित इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी

हल्द्वानी: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) की 36वीं विद्यापरिषद की बैठक शुक्रवार को विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

इन्हें मिली मंजूरी

इस बैठक में कुलसचिव एवं सदस्य सचिव खेमराज भट्ट ने कार्यसूची के सभी 19 प्रस्ताव परिषद के समक्ष प्रस्तुत किए, जिन पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मुहर लगी। जानकारी के अनुसार यूजीसी-डीईबी (UGC-DEB) से प्राप्त मान्यता के आधार पर बीएड ओडीएल (B.Ed ODL) और बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस कार्यक्रमों के संचालन को हरी झंडी मिल गई है। इसके अलावा, नेपाली विद्यार्थियों को प्रवेश देने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और नई पीएचडी प्रवेश व्यवस्था को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में ‘स्वामी विवेकानन्द उत्तराखंड ई-पुस्तकालय योजना’ और शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान पुरानी अध्ययन सामग्री के निःशुल्क वितरण का अनुमोदन किया गया। साथ ही, दूरदर्शन उत्तराखंड पर पंजीकृत शिक्षार्थियों के हित में प्रतिदिन 30 मिनट का विशेष समय स्लॉट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। इसके अलावा शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए प्रायोजन नीति, रसायन विज्ञान एवं गणित विभाग के शोधार्थियों की पीएचडी मौखिक परीक्षाओं की आख्या, तथा यूजीसी के निर्देशों के अनुरूप कृषि एवं उद्यानिकी विषयों के संचालन का भी अनुमोदन किया गया। साथ ही दीक्षांत समारोह से पहले उपाधि प्रदान करने की व्यवस्था, अध्ययन केंद्रों पर एनसीवीईटी (NCVET) से मान्यता प्राप्त कार्यक्रमों के संचालन के लिए नियमावली, सीआईक्यूए (CIQA) की बैठक की संस्तुतियां और बोर्ड ऑफ स्टडीज़ की अनुशंसाओं को भी बैठक में मंजूरी दी गई।

Exit mobile version