Site icon Khabribox

उत्तराखंड: कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के नैनीताल स्थित घर में तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार

नैनीताल: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के नैनीताल स्थित घर पर आगजनी और पत्थरबाजी की घटना के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

एक आरोपी के पास से पिस्तौल और मैगजीन बरामद

कुमाऊं के पुलिस उपमहानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में चंदन सिंह लोधियाल (27), उमेश मेहता (30), कृष्ण सिंह बिष्ट और राजकुमार मेहता (29) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चारों आरोपी कांग्रेस नेता के मकान पर उनका पुतला जलाने और उनके खिलाफ नारे लगाने गए थे। आरोपियों ने पूछताछ में दावा किया कि खुर्शीद के मकान में रहने वाले एक सहायक से झगड़े के बाद स्थिति बिगड़ गयी और वहां तोड़फोड़ और आगजनी की गई। गिरफ्तार किए गए एक आरोपी के पास से पुलिस को एक पिस्तौल और एक मैगजीन भी बरामद हुई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और हथियार कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

सलमान खुर्शीद की किताब का हो रहा विरोध

सलमान खुर्शीद की किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ के कुछ हिस्सों पर आपत्ति जताई जा रही है। उन्होंने हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस (ISIS) और बोको हरम से की है। इस किताब के एक चैप्टर ‘सैफ़रन स्काई’ यानी भगवा आसमान में सलमान खुर्शीद ने लिखा है कि हिंदुत्व साधु-सन्तों के सनातन और प्राचीन हिंदू धर्म को किनारे लगा रहा है, जो कि हर तरीके से ISIS और बोको हरम जैसे जिहादी इस्लामी संगठनों जैसा है।

Exit mobile version