Site icon Khabribox

उत्तराखंड: साइबर ठगी को लेकर पुलिस सख्त, एक ही दिन में दर्ज हुए रिकॉर्डतोड़ 51 मुकदमे, की है इतने करोड़ की धोखाधड़ी

उत्तराखंड: उत्तराखंड में साइबर अपराधों के मामलों में अब पुलिस ने पूरी तरह सख्त रुख अपना लिया है। जिस पर अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानून-व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन के कड़े निर्देशों के बाद साइबर ठगी के मामलों में तेजी से मुकदमे दर्ज हो रहें हैं।

दिए यह सख्त निर्देश

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री स्तर पर होने वाली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि साइबर ठगी से जुड़ी कोई भी शिकायत लंबित न रखी जाए और प्रत्येक पात्र मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। इसी क्रम में रविवार को 20 मुकदमे दर्ज किए गए थे, वहीं सोमवार को महज एक ही दिन में साइबर ठगी से जुड़े रिकॉर्डतोड़ 51 मुकदमे दर्ज किए गए। सामने आई शिकायतों के अनुसार, इन मामलों में साइबर अपराधियों द्वारा कुल 1.35 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया है। पुलिस अब इन सभी मामलों की तकनीकी जांच तेज करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एडीजी ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को स्पष्ट कर दिया है कि साइबर अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version