Site icon Khabribox

उत्तराखंड: पुलिस का नशे पर प्रहार, 400 ग्राम चरस के साथ एक युवक को किया गिरफ्तार

उत्तरकाशी: जनपद में अवैध नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में उत्तरकाशी पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। कोतवाली धरासू और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को 400 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस की कार्यवाही

​जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात पुलिस टीम ब्रह्मखाल क्षेत्र में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सुलभ शौचालय के पास एक युवक पुलिस को देखकर सकपकाया। शक होने पर जब टीम ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 400 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान सुनील शाह (30 वर्ष), निवासी धरासू, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।

‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन के तहत कार्रवाई

​यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशों और पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत की गई। टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक मनोज असवाल और एसओजी प्रभारी निखिल देव चौधरी ने किया।
पुलिस ने आरोपी सुनील शाह के खिलाफ कोतवाली धरासू में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

Exit mobile version