उत्तराखंड: उत्तराखंड में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संविदा पर कार्यरत करीब 10 हजार स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है।
कर रहे थे मांग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य सरकार ने इन कर्मचारियों के नियमितीकरण की दिशा में पहल करते हुए स्वास्थ्य विभाग को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक स्वास्थ्य योजनाओं को जमीन पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे ये कर्मचारी वर्षों से नियमितीकरण की मांग कर रहे थे।
इन बिंदुओं पर तैयार होगा प्रस्ताव
सरकार की ओर से दी गई एक सप्ताह की समयसीमा के भीतर स्वास्थ्य विभाग को निम्नलिखित पहलुओं पर रिपोर्ट तैयार करनी होगी। जिसमें संविदा पर कार्यरत कुल कर्मचारियों की संख्या और उनके पद, कर्मचारियों की नियुक्ति की वर्तमान स्थिति और कुल सेवा अवधि, नियमितीकरण से जुड़े विभागीय नियम और कानूनी प्रावधान शामिल होंगे। विभाग से प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद सरकार स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सभी 10 हजार कर्मचारियों को एक साथ नियमित किया जाएगा या इसके लिए सेवा अवधि व पदों के आधार पर कोई विशेष श्रेणी और पात्रता तय की जाएगी। नियम, शर्तें और आगे की समयसीमा प्रस्ताव की समीक्षा के बाद ही सामने आ सकेगी।