उत्तराखंड: उत्तराखंड में साइबर ठगों ने घर बैठे कमाई (वर्क फ्रॉम होम) का झांसा देकर एक और युवती को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। शातिर ठगों ने पहले युवती का भरोसा जीतने के लिए करीब 1,900 रुपये का मुनाफा कराया और फिर उसे अपने जाल में फंसाकर 93 हजार रुपये ठग लिए।
जानें पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूलरूप से उत्तराखंड के नैनीताल (शेरवुड कॉलेज के पास) की रहने वाली शहनाज फिलहाल कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर में रह रही हैं। शहनाज ने पुलिस को बताया कि बीती 10 जुलाई को उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लिंक आया था, जिसमें घर बैठे मोटी कमाई करने का दावा किया गया था। जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में शामिल होने को कहा गया। बताया कि ठगों ने एक क्यूआर कोड भेजकर ₹800 निवेश करने को कहा और बदले में 30 फीसदी मुनाफे का लालच दिया। शहनाज ने भरोसा करके ₹2,000 लगाए, तो ठगों ने उनके खाते में ₹3,900 वापस भेज दिए। घर बैठे-बैठे ₹1,900 का सीधा मुनाफा देखकर शहनाज ठगों के झांसे में आ गईं और उनका भरोसा पक्का हो गया। इसके बाद ठगो ने अलग-अलग किस्तों में उनसे विभिन्न बैंक खातों में 93 हजार रुपये जमा करवा लिए। रकम जमा होने के बाद जब ठगों ने संपर्क बंद कर दिया और पैसे वापस नहीं मिले, तब जाकर पीड़िता को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
की शिकायत
ठगी का शिकार होने के बाद शहनाज ने तुरंत केंद्र सरकार की साइबर हेल्पलाइन पर मामले की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अब कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी (आईटी एक्ट) का मुकदमा दर्ज कर लिया है।