Site icon Khabribox

उत्तराखंड: उत्तराखंड में जल्द होगी एएनएम के रिक्त 330 पदों की भर्ती, अपनाई जाएगी आउटसोर्सिंग पद्धति

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के चिकित्सालयों में रिक्त चल रहे एएनएम के 330 पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि चतुर्थ श्रेणी के 2500 पदों को भी आउटसोर्स के माध्यम से भरा जाएगा।

कल्याण समिति का किया जाएगा गठन

ब्लॉक स्तर पर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की सहायता एवं अस्पताल के बेहतर संचालन को रोगी कल्याण समिति का गठन किया जाएगा। जिला स्तर पर गठित जिला स्वास्थ्य प्रबंधन समिति का पुनर्गठन कर जनसहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

330 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया गतिमान

मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने शासकीय आवास स्थित कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से रिक्त चल रहे एएनएम के 330 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया गतिमान है। इसमें अधिक समय लगने की संभावना है। इसे देखते हुए एक तय समय के लिए इन पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरा जाएगा।

प्रसव को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में वृहद स्तर पर अभियान किए जाएं संचालित

उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में वृहद स्तर पर अभियान संचालित किए जाएं। गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए चलाई जा रही खुशियों की सवारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश

उन्होंने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने जिलों में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही इनकी नियमित निगरानी भी करें। ब्लॉक स्तर पर गठित होने वाली रोगी कल्याण समिति व जिला स्वास्थ्य प्रबंध समिति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उपस्थित रहे

बैठक में महानिदेशक स्वास्थ्य डाॅ. विनीता शाह, निदेशक स्वास्थ्य डाॅ. सुनीता टम्टा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डाॅ. आशुतोष सयाना व सीएमओ देहरादून डाॅ. संजय जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version